پایگاه اطلاع رسانی

استاد حسین انصاریان

आईआरजीसी ने ज़ाहेदान हमले का इंतेक़ाम लेना शुरू किया, आतंकी टीम का घर ध्वस्त, कई गिरफ़्तार

आईआरजीसी ने ज़ाहेदान हमले का इंतेक़ाम लेना शुरू किया, आतंकी टीम का घर ध्वस्त, कई गिरफ़्तार

आईआरजीसी ने एक बयान जारी करके बताया है कि सीस्तान व बलोचिस्तान में हालिया आतंकी हमला अंजाम देने वाली आतंकी टीम को तलाश करके उसके घरों को ध्वस्त कर दिया गया है और कई लोगों को पकड़ लिया गया है।

ज़ाहेदान हमले में शामिल आतंकियों का तुरंत सुराग़ लगा कर उनके विरुद्ध कार्यवाही के आईआरजीसी के कमांडर मेजर जनरल मुहम्मद अली जाफ़री के आदेश के बाद आईआरजीसी ने एक बयान जारी करके बताया है कि ईश्वर की कृपा और आईआरजीसी की थल सेना व गुप्तचर विभाग के अथक प्रयासों से इस हमले को अंजाम देने वालों के बारे में कुछ सुराग़ हाथ लगे और रविवार की रात सरावान व ख़ाश क्षेत्रों में आतंकियों के कुछ घरों पर छापा मारा गया। बयान के अनुसार आतंकी घटना में शामिल कई लोगों को गिरफ़्तार किया गया और उनके घरों को ध्वस्त कर दिया गया।

इस बयान में कहा गया है कि आईआरजीसी की कार्यवाही में तीन आतंकी गिरफ़्तार हुए और उनके पास से 150 किलो तैयार विस्फोटक और 600 किलो विस्फोटक पदार्थ तथा बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद ज़ब्त किया गया। बयान में कहा गया है कि गिरफ़्तार होने वाले आतंकी वही हैं जिन्होंने ज़ाहेदान आत्मघाती हमले में विस्फोटकों से भरी गाड़ी तैयार की थी और उसे उड़ाने में मदद की थी। बयान में कहा गया है कि संपूर्ण बदले और इस हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों को पूरी तरह से तबाह करने के लिए आईआरजीसी की कार्यवाही जारी रहेगी और आशा है कि पाकिस्तान की सरकार और सेना के सहयोग से यह काम जल्द से जल्द पूरा होगा।